-मुजफ्फरपुर में होटल सेंटर प्वाइंट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पार्टी और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में 10 गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। बिहार में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित अघोरिया बाजार के होटल सेंटर प्वाइंट में छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में 8 युवक, 1 युवती और होटल का मैनेजर शामिल है। पुलिस ने मौके से शराब की कई बोतलें भी बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिलेभर में होटल चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने होटल सेंटर प्वाइंट में छापेमारी की। पुलिस जब होटल के अंदर पहुंची तो अलग-अलग कमरों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सही पाई गई।
पुलिस ने एक कमरे से चार युवक और एक युवती को शराब की बोतलों के साथ पकड़ा, जबकि दूसरे कमरे से चार अन्य युवकों को भी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान बरामद शराब की बोतलों ने अवैध गतिविधियों की आशंका को और मजबूत कर दिया। मामले में होटल मैनेजर की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे भी हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि होटल सेंटर प्वाइंट पहले भी विवादों में रह चुका है। इसी होटल के एक कमरे में पूर्व में एक नर्तकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। बाद में अनैतिक गतिविधियों के आरोपों के बाद होटल को सील भी किया गया था। इसके बावजूद दोबारा इसी तरह के मामलों के सामने आने से पुलिस और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पहले सील हो चुके होटल में दोबारा अवैध गतिविधियां कैसे शुरू हुईं और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है।
पुलिस अब होटल के लाइसेंस रद्द करने के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है और लोग लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।












