Advertisement

मुजफ्फरपुर में शादी समारोह बना बवाल का कारण: ‘दूल्हा बदलने’ के आरोप पर बारात बनी बंधक

-मुजफ्फरपुर में शादी समारोह बना बवाल का कारण: ‘दूल्हा बदलने’ के आरोप पर बारात बनी बंधक

-पंचायत के बाद लौटी राजस्थान की बारात

मुजफ्फरपुर। जिले के मुरौल ओपी थाना क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां अचानक विवाद और हंगामे में बदल गईं। राजस्थान से आई बारात को उस समय रोक लिया गया जब लड़की पक्ष ने दूल्हा बदलने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया। देखते ही देखते विवाह स्थल पर तनाव का माहौल बन गया और मामला पंचायत तक पहुंच गया।

घटना 21 मई की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित रामदास के घर शादी समारोह की पूरी तैयारी की गई थी। घर में उत्सव का माहौल था। डीजे, नाच-गाना और रिश्तेदारों की मौजूदगी के बीच राजस्थान से बारात भी तय समय पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि जयमाला की रस्म के दौरान अचानक स्थिति बदल गई। लड़की ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि जिस युवक से शादी तय हुई थी, बारात में वह नहीं आया और दूल्हा बदल दिया गया है।

आरोप लगते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और नाराज लड़की पक्ष ने बारातियों को रोक लिया। शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने पर मुरौल ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।

पंचायत में हुए निर्णय के अनुसार, लड़की पक्ष की ओर से शादी की तैयारियों में हुए खर्च की भरपाई लड़का पक्ष करेगा और उपहार के तौर पर दिए गए सामान वापस किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, समझौते के तहत लड़का पक्ष ने करीब दो लाख रुपये का भुगतान किया।

समझौते के बाद बंधक बनाए गए बारातियों को जाने दिया गया। इसके बाद राजस्थान से आई बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

पुलिस ने भी पुष्टि की है कि मामले को आपसी सहमति और पंचायत के माध्यम से शांत कराया गया तथा सभी पक्षों को सुरक्षित रवाना कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।