-मुजफ्फरपुर में शराब के बड़े नेटवर्क का खुलासा, करीब 300 कार्टन विदेशी शराब बरामद
मुजफ्फरपुर।उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने अवैध शराब के बड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 300 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। टीम ने काजीइंडा, मनियारी और खबरा इलाके में एक साथ छापेमारी कर कंटेनर, आवासीय मकान और स्कॉर्पियो से शराब की खेप जब्त की। कार्रवाई के दौरान अवैध नकली शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ है। मौके से शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप लेकर एक कंटेनर काजीइंडा, मनियारी पहुंचा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर कंटेनर को जब्त किया गया। तलाशी के दौरान कंटेनर से यूपी निर्मित 50 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने शराब की खेप मनियारी स्थित एक मकान में उतारने की बात बताई।

चालक की निशानदेही पर टीम ने संबंधित आवासीय ठिकाने पर छापेमारी की। वहां से करीब 200 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही नकली विदेशी शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली। जांच में सामने आया कि ठिकाने पर शराब की तस्करी के साथ-साथ नकली विदेशी शराब तैयार करने का धंधा भी चल रहा था। कार्रवाई के दौरान यूपी के कंटेनर चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने खबरा इलाके में भी घेराबंदी की। वहां एक संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर 25 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। इस तरह कंटेनर से 50 कार्टन, मनियारी स्थित मकान से 200 कार्टन और खबरा में स्कॉर्पियो से 25 कार्टन शराब जब्त की गई।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामदगी के आंकड़े के आधार पर कुल शराब की मात्रा करीब 300 कार्टन बताई गई है। टीम अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय शराब तस्करों और कारोबारियों की पहचान करने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।












