-मुजफ्फरपुर में ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान शुरू, घर के करीब होगी NCD की जांच
मुजफ्फरपुर। गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार के लिए राज्य सरकार के ‘जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का बुधवार को शुभारंभ हुआ। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम से मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इसका उद्देश्य लोगों को घर और समुदाय के करीब ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।

मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक रंजन कुमार और जिला पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। पटना के कार्यक्रम से सदर अस्पताल और आरएच सकरा को टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से जोड़ा गया, जबकि जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिए सीधा प्रसारण किया गया।
अभियान के तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ओरल कैंसर और स्तन कैंसर समेत विभिन्न गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच, विशेषज्ञ परामर्श और जरूरत पड़ने पर उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।












