Advertisement

मुजफ्फरपुर में 65 नए राशन कार्डधारकों को मिला राशन कार्ड, 40,774 परिवारों के कार्ड जारी

-मुजफ्फरपुर में 65 नए राशन कार्डधारकों को मिला राशन कार्ड, 40,774 परिवारों के कार्ड जारी

-मुख्यमंत्री ने पटना में नए राशन कार्ड और पीडीएस विक्रेताओं को लाइसेंस वितरित किए
-जिले में 4,322 रिक्त पीडीएस दुकानों के पदों पर चयन प्रक्रिया भी जारी

मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री के हाथों गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित राशन कार्ड और नवचयनित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों के करीब 100 नए राशन कार्डधारकों को शामिल होने के लिए पटना भेजा गया था। वहीं, जिलाधिकारी कुमार गौरव की ओर से समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के 65 नए राशन कार्डधारकों को राशन कार्ड वितरित किए गए।

जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना की ओर से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध मुजफ्फरपुर जिले में नए राशन कार्ड के लिए कुल 1,01,178 आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों का सत्यापन कराया गया, जिसमें 80,615 आवेदक राशन कार्ड के लिए योग्य पाए गए। इसके बाद सभी योग्य आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि SMAT-PDS पोर्टल पर की गई और इनमें से 74,222 आवेदनों को ई-केवाईसी के लिए सक्षम किया गया।

अब तक 42,949 आवेदनों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है। इसके आधार पर 40,774 परिवारों के कुल 61,858 सदस्यों के राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। शेष पात्र लाभुकों के राशन कार्ड जनरेट करने की प्रक्रिया जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

432 रिक्त पीडीएस दुकानों के पदों पर चयन प्रक्रिया:

जिले में जन वितरण प्रणाली की दुकानों के रिक्त पदों को भरने के लिए भी प्रक्रिया चल रही है। अनुमंडल पूर्वी मुजफ्फरपुर में 253 और अनुमंडल पश्चिमी मुजफ्फरपुर में 179 रिक्तियों सहित कुल 432 पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके विरुद्ध कुल 3,539 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

जिला चयन समिति के निर्णय के आलोक में औपबंधिक मेधा सूची 3 नवंबर 2026 को जिला आपूर्ति कार्यालय, दोनों अनुमंडल कार्यालयों के सूचना पट्ट तथा मुजफ्फरपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://muzaffarpur.nic.in पर प्रकाशित की गई है।

औपबंधिक मेधा सूची पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावा-आपत्तियों के निष्पादन के बाद अंतिम मेधा सूची तैयार की जाएगी। जिला चयन समिति से अनुमोदन मिलने के बाद संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को अनुज्ञप्ति प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने राशन कार्ड के शेष पात्र आवेदनों का निष्पादन शीघ्र पूरा करने तथा जन वितरण प्रणाली की रिक्त दुकानों पर चयन प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।