-मुजफ्फरपुर जंक्शन के वेटिंग रूम में महिला यात्री की चोरी-छिपे खींची तस्वीर, कटिहार के युवक पर केस दर्ज
-पत्नी को लगातार घूरने और मोबाइल से फोटो लेने का आरोप
-पीड़ित पति ने जीआरपी में की शिकायत -सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपित की पहचान
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन के वेटिंग रूम में महिला यात्री को लगातार घूरने और मोबाइल से चोरी-छिपे तस्वीर खींचने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित यात्री ने मुजफ्फरपुर जीआरपी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसके विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण निवासी एक व्यक्ति 19 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ ट्रेन संख्या 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस से डिब्रूगढ़ जाने के लिए मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे थे। दंपती को ए-1 कोच में सफर करना था। ट्रेन के इंतजार में दोनों स्टेशन के वेटिंग रूम में बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति उनकी पत्नी को लगातार घूरने लगा। आरोप है कि उसने अपने मोबाइल से महिला की तस्वीर भी खींच ली। इस हरकत से दंपती असहज हो गए।

घटना के बाद पीड़ित यात्री ने जीआरपी थाने में लिखित आवेदन देकर वेटिंग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने और आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्रालय को टैग कर घटना की शिकायत की।
सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आने के बाद आरपीएफ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। जांच में आरोपित के कटिहार जिले का निवासी होने की जानकारी सामने आई।
इस संबंध में मुजफ्फरपुर जीआरपी थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने बताया कि पीड़ित के आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















