-महिला से अमर्यादित बातचीत के आरोप में शाहकुंड थानाध्यक्ष निलंबित, फर्जी शिकायत की भी होगी जांच
भागलपुर। शाहकुंड थाना के थानाध्यक्ष अनिल कुमार साव को एक महिला से अमर्यादित बातचीत करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में यह बात सामने आई कि थानाध्यक्ष ने महिला को अपने निजी मोबाइल नंबर से कई बार ऑडियो और वीडियो कॉल किए तथा बातचीत के दौरान मर्यादा के विरुद्ध और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए त्वरित कार्रवाई की। जांच रिपोर्ट के आधार पर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है और आगे की विभागीय प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

हालांकि जांच के दौरान मामले में नया मोड़ तब आया जब संबंधित महिला ने वायरल शिकायत पत्र को फर्जी बताया। महिला का कहना है कि किसी अन्य व्यक्ति ने सादे कागज पर उसका अंगूठा लगवाकर थानाध्यक्ष के खिलाफ मनगढ़ंत शिकायत तैयार कर वायरल कर दिया था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थानाध्यक्ष के कदाचार को लेकर कार्रवाई की गई है, लेकिन फर्जी शिकायत तैयार कर साजिश रचने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।












