Advertisement

महानंदा एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, मुजफ्फरपुर रूट की इंटरसिटी साढ़े तीन घंटे लेट

-महानंदा एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, मुजफ्फरपुर रूट की इंटरसिटी साढ़े तीन घंटे लेट

मुजफ्फरपुर। दानापुर रेल मंडल के आरा रेलखंड पर रविवार सुबह महानंदा एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने का असर हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर रेल रूट पर भी देखने को मिला। हादसे के बाद मुख्य रेल लाइन पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। इसके कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली से अलीपुरद्वार जा रही महानंदा एक्सप्रेस आरा और कारीसाथ-बिहिया रेलखंड के बीच से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के कुछ कोच पटरी से उतर गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक में तकनीकी खराबी, ट्रैक फ्रैक्चर और एक्सेल में घर्षण जैसी तकनीकी वजहों को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। लोको पायलट की तत्परता से इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के कारण आरा-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई। मुजफ्फरपुर रूट पर चलने वाली ट्रेन संख्या 13226 आरा-जयनगर इंटरसिटी अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से चली। ट्रेन के सुबह 9:15 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचने का निर्धारित समय था, लेकिन यह दोपहर 12:24 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची। करीब 21 मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 12:45 बजे ट्रेन को ढोली स्टेशन के लिए रवाना किया गया।

हालांकि, इसी रूट पर चलने वाली ट्रेन संख्या 19483 सहरसा एक्सप्रेस का परिचालन निर्धारित समय के अनुसार बताया गया। रेल प्रशासन के अनुसार, मेन लाइन पर परिचालन बहाल होने के बाद ट्रेनों को धीरे-धीरे सामान्य गति से चलाया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी अधिकारी क्रेन और राहत ट्रेन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर अप और डाउन ट्रैक को दुरुस्त किया गया, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू कराया गया। हादसे के चलते दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर यात्रियों को कई घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।