Advertisement

मच्छरदानी व्यापार से बनीं लखपति, अब पूरे देश में हो रही चर्चा

-मच्छरदानी व्यापार से बनीं लखपति, अब पूरे देश में हो रही चर्चा

मुजफ्फरपुर। शालिनी तिवारी।

जिले के मड़वन प्रखंड के रूपवारा पंचायत स्थित रसूलपुर गांव की खुशबू देवी ने मच्छरदानी के व्यापार से लखपति बनकर एक मिसाल कायम की है। साल 2009 में छोटे स्तर पर शुरू हुआ उनका सफर आज पूरे देश में प्रेरणा बन गया है।

खुशबू देवी को 2013 में जीविका के गंगा समूह से जुड़ने का मौका मिला, जिससे उनके व्यापार को नई दिशा मिली। उन्हें जीविका के इनक्यूबेशन फंड के तहत ₹2,67,000 की आर्थिक सहायता मिली, जिसका उपयोग कर उन्होंने “प्रतिज्ञा मच्छरदानी महिला उत्पादन केंद्र” की स्थापना की। इस पहल से आज 62 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है, और प्रतिदिन सैकड़ों मच्छरदानियां तैयार की जा रही हैं।

खुशबू देवी की सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। शनिवार को केंद्र सरकार द्वारा आयोजित ग्राम समृद्धि कार्यशाला में उन्हें पैनलिस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे संवाद किया और उनकी सफलता की सराहना की।

खुशबू देवी की मेहनत और लगन ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे से गांव से भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है। अब वे न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि 62 अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर उनके जीवन में बदलाव ला रही हैं।

#लखपति_दीदी #खुशबू_देवी #मुजफ्फरपुर #मच्छरदानी_व्यापार #रोजगार #महिला_सशक्तिकरण #प्रधानमंत्री_मोदी #ग्राम_समृद्धि