-भीषण गर्मी में महंगा हुआ नारियल पानी, शहर में 80 से 150 रुपये तक पहुंची कीमतें
मुजफ्फरपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच शहर में नारियल पानी (डाभ) की मांग में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मांग बढ़ने के साथ ही विक्रेताओं ने कीमतों में भी भारी इजाफा कर दिया है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
शहर में अब 80 रुपये से कम में नारियल पानी मिलना मुश्किल हो गया है। छोटे आकार का डाभ 80 रुपये, मध्यम आकार का 100 रुपये, जबकि बड़े आकार का नारियल पानी 120 से 150 रुपये तक बेचा जा रहा है। भीषण गर्मी से राहत और स्वास्थ्य लाभ के लिए लोग मजबूरी में महंगे दामों पर भी नारियल पानी खरीदने को मजबूर हैं।
शहर के पानी टंकी चौक, रामदयालु, स्टेशन रोड, अखाड़ाघाट, जीरोमाइल, बैरिया और भगवानपुर समेत विभिन्न चौक-चौराहों पर नारियल पानी की सैकड़ों अस्थायी दुकानें सज गई हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार नारियल पानी की कीमतों में काफी अधिक वृद्धि हुई है। कई स्थानों पर बिना निर्धारित दर के दुकानदार मनमाने तरीके से कीमत वसूल रहे हैं। ग्राहक जब बढ़ी कीमतों पर सवाल उठाते हैं तो विक्रेता माल महंगा आने और परिवहन खर्च बढ़ने का कारण बताते हैं।
जानकारों के अनुसार शहर में नारियल पानी की बिक्री से प्रतिदिन लाखों रुपये का कारोबार हो रहा है, लेकिन अधिकांश दुकानें अस्थायी और बिना पंजीकरण के संचालित हो रही हैं। ऐसे में राजस्व व्यवस्था और कारोबार की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक गर्मी के मौसम में नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसी कारण तापमान बढ़ते ही इसकी मांग में अचानक उछाल आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कीमतों की निगरानी और इस कारोबार को व्यवस्थित करने की मांग की है।












