-भीड़ की पिटाई से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित के घर में लगाई आग
मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भीड़ की कथित बेरहम पिटाई से 20 वर्षीय युवक नवनीत कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रतापपुर निवासी राजेश राय के पुत्र के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कथित आरोपित के घर में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत कुमार अपनी बाइक से किसी जरूरी काम के सिलसिले में चैनपुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक से एक बच्चे को मामूली चोट लग गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, चैनपुर चौक से पहले करीब 10 से 15 लोगों की भीड़ ने युवक को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने युवक के गले में बेल्ट कसकर उसकी हत्या कर दी।

गंभीर रूप से घायल नवनीत को मड़वन स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने कथित आरोपित के घर पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस और सरैया एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान, युवक की मौत के कारणों और आगजनी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













