-भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 38.7 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं वाहिनी, रानीडांगा ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नेपाली महिला को संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पानी टंकी कंपनी अंतर्गत ओल्ड ब्रिज बीओपी की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। सीमा क्षेत्र में बीपी नंबर 90/1 के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसएसबी जवानों ने विशेष तलाशी अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान एक महिला को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से 38.7 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 37 पुड़ियों में पैक नशीला पदार्थ, एक सैमसंग मोबाइल फोन, दो नेपाली सिम कार्ड, 20 हजार नेपाली रुपये और पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने स्निफर डॉग और ड्रग डिटेक्शन किट की मदद से जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ के नशीला होने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान जम्मू कुमारी सदा, निवासी दमक, झापा (नेपाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह पहले भी दो बार इसी तरह सीमा पार नशे की खेप पहुंचा चुकी है और इस बार भी भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी।

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि महिला ने यह नशीला पदार्थ कथित रूप से 60 हजार नेपाली रुपये में पानीटंकी क्षेत्र की एक महिला से खरीदा था। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां तस्करी के बड़े नेटवर्क की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही हैं।
पूरे मामले में आरोपी महिला, बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खपरैल पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह की एक कड़ी हो सकती है। अब जांच एजेंसियां नेटवर्क के अन्य संदिग्धों और तस्करी के पूरे तंत्र तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं।














