-बोधगया में जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं का सेमिनार
-संजय कुमार झा ने तेजस्वी और चिराग पर साधा निशाना
दीपक कुमार तिवारी।पटना/गया।
बिहार के गया जिले के बोधगया में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा राष्ट्रीय प्रवक्ताओं और मीडिया सेल के पदाधिकारियों के लिए दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एक निजी होटल में शुरू हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बिहार और केंद्र सरकार के कार्यों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना बताया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि यह दो दिवसीय कार्यशाला जदयू मीडिया सेल के प्रशिक्षण के लिए है, जिससे कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को बेहतर ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है और विकास कार्यों को प्रचारित करने की ज़रूरत है।

कार्यक्रम के दौरान संजय झा ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव को अब कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है, इसलिए वे हमारी पार्टी की चिंता कर रहे हैं। उन्हें अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सम्मानित नेता हैं और लगातार जनसम्पर्क यात्रा पर हैं।”
चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर संजय झा ने कहा कि “यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। उनकी पार्टी है और हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।”
इसके साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना की भी निंदा की और कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरा देश खड़ा है। देश पर इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।”
#जदयूसेमिनार #संजयकुमारझा #तेजस्वीयादव #चिरागपासवान #बिहारराजनीति #बोधगया #मीडियाट्रेनिंग












