-बीएमडी कॉलेज दयालपुर में उमाकांत केशव आप्टे जन्म जयंती सप्ताह कार्यक्रम आयोजित
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय दयालपुर में प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित की अध्यक्षता में उमाकांत केशव आप्टे जन्म जयंती सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम इतिहास संकलन समिति उत्तर बिहार एवं महाविद्यालय के इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इतिहास संकलन समिति के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. सुरेश कुमार उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. नागेश्वर कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि भारतीयों को भारत का सच्चा इतिहास बताना जरूरी है। जिस भारत माता के स्वरूप की कल्पना बंकिम चंद्र चटर्जी ने की थी, उसके उद्देश्यों को साकार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास को लंबे समय तक पश्चिमी दृष्टिकोण से पढ़ाया गया है। अब भारत के इतिहास की मूल और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है। यही उमाकांत केशव ‘बाबासाहब’ आप्टे का भी उद्देश्य था।
प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने देश के इतिहास की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पृथ्वीराज चौहान की पराजय के बाद देश में मुगल और उसके बाद अंग्रेजों का शासन रहा, इस दौरान इतिहास को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अतीत और इतिहास को जानने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. अनामिका आनंद ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











