-बन्दरा सहयोग शिविर में 718 ऑनलाइन आवेदनों का निष्पादन, विधायक कोमल सिंह ने बांटे स्वीकृति पत्र
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी। बन्दरा पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन गायघाट की जदयू विधायक कोमल सिंह ने किया। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, पेंशन, जन वितरण प्रणाली, राजस्व, जीविका, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी लोगों की समस्याओं की सुनवाई कर रहे थे। कार्यक्रम का संचालन बन्दरा बीडीओ आमना वसी ने किया।
बीडीओ आमना वसी ने बताया कि शिविर में कुल 718 ऑनलाइन आवेदन दर्ज किए गए थे, जिनका निष्पादन कर दिया गया। वहीं शिविर में आज जनशिकायत से संबंधित काउंटर पर 69 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच विधायक कोमल सिंह द्वारा स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया गया।

शिविर के दौरान जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार के सचिव सह मुजफ्फरपुर प्रभारी सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे आवेदकों का क्रॉस वेरिफिकेशन करते हुए कई लोगों को रैंडम कॉल कर यह जानकारी ली कि उन्होंने किस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी और उसकी सुनवाई हुई या नहीं। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर निगम आयुक्त भी मौजूद थे।
शिविर का आयोजन एडीएम आपदा शैलेश चौधरी की मॉनिटरिंग में किया गया।












