-प्रेम प्रसंग से नाराज मां ने बेटी की हत्या कर बगीचे में दफनाया
-शव छिपाने के लिए लगाया आम का पौधा; चार गिरफ्तार
-मुजफ्फरपुर के यजुआर ओपी क्षेत्र के डुमरी गांव का मामला
-युवती के लापता होने की जांच में हुआ खुलासा -ग्रामीण एसपी ने दी जानकारी
मुजफ्फरपुर। गांव के एक युवक से प्रेम करना युवती को इतना भारी पड़ा कि उसकी हत्या कर शव को घर के पीछे बगीचे में दफना देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, युवती के प्रेम प्रसंग से परिवार के लोग नाराज थे। आरोप है कि हत्या के बाद शव को गड्ढे में दफनाया गया और किसी को शक न हो, इसके लिए ऊपर आम का पौधा लगा दिया गया। मामले में पुलिस ने युवती की मां और बहन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि 13 अक्टूबर को यजुआर पुलिस को कटरा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से एक युवती के रहस्यमय तरीके से लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम जब युवती के घर पहुंची, तो वहां ताला बंद मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों की भूमिका को लेकर संदेह सामने आया। इसके बाद कटरा थाना के यजुआर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने ग्रामीण एसपी की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-1 अलय वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने परिजनों के कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी इनपुट और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान युवती की हत्या कर शव को बगीचे में छिपाए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने 14 अक्टूबर को सुबोध चौधरी, उषा देवी, प्रीति कुमारी और अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मृतका पलक कुमारी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसे बार-बार समझाने का प्रयास कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि शव को घर के पीछे स्थित बगीचे में गड्ढा खोदकर दफनाया गया था। आरोप है कि शव को जल्द गलाने के उद्देश्य से गड्ढे में बड़ी मात्रा में नमक डाला गया और संदेह से बचने के लिए उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों और शव को छिपाने में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
इस मामले में मृतका की मां उषा देवी और बहन प्रीति कुमारी समेत चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों और घटना में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए आरोपों और परिस्थितियों की पुष्टि आगे की जांच तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।












