Advertisement

प्रचंड गर्मी में जरूरतमंदों के लिए राहत, डॉ. ब्रह्मानंद सहनी ने लगाया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

-प्रचंड गर्मी में जरूरतमंदों के लिए राहत, डॉ. ब्रह्मानंद सहनी ने लगाया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

मुजफ्फरपुर। जिले के कुढ़नी प्रखंड स्थित एक दलित बस्ती में भीषण गर्मी और बढ़ते स्वास्थ्य संकट को देखते हुए समाजसेवी डॉ. ब्रह्मानंद सहनी के नेतृत्व में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय ग्रामीणों द्वारा डॉ. सहनी का माला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद करीब 200 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को आवश्यक दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई गईं तथा गर्मी से बचाव के लिए ORS के पैकेट भी वितरित किए गए।

डॉ. ब्रह्मानंद सहनी ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों के बीच नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं, ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग अक्सर नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया है। शिविर के माध्यम से मरीजों को जांच, परामर्श और दवा उपलब्ध कराई गई है।

डॉ. सहनी ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों के बीच इस तरह के जनहितकारी और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। शिविर के आयोजन से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई और उन्होंने इस पहल की सराहना की।