Advertisement

पोखर में डूबने से युवक की मौत पर पीड़ित परिवार से मिले विधायक

-पोखर में डूबने से युवक की मौत पर पीड़ित परिवार से मिले विधायक

-हरसंभव मदद का दिया भरोसा

मुजफ्फरपुर। कांटी के क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने बुधवार को कांटी नगर परिषद क्षेत्र के अकुराहां गांव पहुंचकर पोखर में डूबने से मृत युवक सुजीत के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
विधायक अजीत कुमार ने दिवंगत सुजीत के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से पूरा समाज मर्माहत है। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना कीl


उन्होंने कहा कि सुजीत एक शांत, सरल और नेक स्वभाव के युवक थे। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। विधायक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह, कामेश्वर सिंह, पप्पू सिंह, नीरज सिंह और देवकांत सिंह सहित कई ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत सुजीत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि मंगलवार को अकुराहां गांव के एक पोखर में डूबने से अति निर्धन परिवार के युवक सुजीत की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।