-पूर्णिया में निगरानी का बड़ा एक्शन: 10 हजार रुपये घूस लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
पूर्णिया। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्णिया जिले के कृत्यानंद नगर अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को 10 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कृत्यानंद नगर अंचल क्षेत्र के बेला रिकाबगंज पंचायत निवासी उमेश कुमार महतो ने अपनी जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि इस कार्य को करने के एवज में हलका कर्मचारी रूपक कुमार ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। काफी बातचीत और अनुरोध के बाद सौदा 10 हजार रुपये पर तय हुआ।
रिश्वत की मांग से परेशान आवेदक उमेश कुमार महतो ने इसकी शिकायत सीधे पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत गुरुवार को निगरानी टीम कृत्यानंद नगर अंचल कार्यालय पहुंची। जैसे ही उमेश कुमार महतो ने आरोपी कर्मचारी रूपक कुमार को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद निगरानी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी राजेंद्र प्रसाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, घटना के बाद अंचल कार्यालय के कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।












