-पियर थानाध्यक्ष का सराहनीय कदम, पुल पर गिरी गिट्टी से राहत दिलाई
मुजफ्फरपुर। सम्वाददाता।
जिले के बंदरा प्रखंड के पियर थानाध्यक्ष पंकज यादव का एक अनूठा और सराहनीय कार्य चर्चा का विषय बना है। पिछले पांच दिनों पहले पिलखी पुल पर किसी अज्ञात वाहन द्वारा लाल रंग की गिट्टी गिरा दी गई थी, जिससे कई लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आई थीं। प्रशासन की कोशिशों के बावजूद गिट्टी के मालिक का पता नहीं चल सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, थानाध्यक्ष पंकज यादव ने शनिवार को अपनी सूझ-बूझ का परिचय देते हुए जेसीबी मशीन से गिट्टी को ट्रैक्टर पर लोड करवा कर हरपुर बांध रोड से होकर सैदपुर तक जाने वाली मुख्य पथ की जर्जर सड़क पर गड्ढों में डलवाने का निर्णय लिया। यह बन्दरा प्रखण्ड क्षेत्र की अत्यंत खराब स्थिति में पड़ी सड़कों में से एक है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिट्टी के कारण पिलखी पुल पर आवागमन बाधित हो रहा था और वहां खतरनाक स्थिति बनी हुई थी। सक्षम जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर उन्होंने स्वयं इस समस्या का समाधान किया। गिट्टी को पिलखी-सैदपुर मार्ग के हरपुर बांध रोड से पीयर-रामपुरदयाल क्षेत्र तक गड्ढों को भरने में उपयोग किया गया, जिससे आवागमन में राहत मिली।
थानाध्यक्ष के इस प्रयास की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और आम जनता ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। लोगों ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए थानाध्यक्ष पंकज यादव को धन्यवाद दिया है।
#सराहनीय_कार्य
#पियर_थानाध्यक्ष
#जनहित_में_पहल
#सुरक्षित_आवागमन











