Advertisement

तेज प्रताप यादव बिना हेलमेट स्कूटी चलाते पहुंचे मुख्यमंत्री आवास, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कट गया चालान

-तेज प्रताप यादव बिना हेलमेट स्कूटी चलाते पहुंचे मुख्यमंत्री आवास, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कट गया चालान

पटना। विशेष संवाददाता।

बिहार में होली के रंगों के बीच राजद विधायक तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। होली के अवसर पर तेज प्रताप यादव बिना हेलमेट पहने स्कूटी चलाते हुए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4000 रुपये का चालान काटा है।

इन वजहों से कटा चालान:

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चालान सिर्फ बिना हेलमेट के लिए नहीं बल्कि स्कूटी के बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) की वैधता समाप्त होने के कारण भी जारी किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस एसएचओ ब्रजेश कुमार चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव स्कूटी चलाते दिखे, जिसमें उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। इसके अलावा, स्कूटी के जरूरी दस्तावेज भी अमान्य पाए गए। इस पर यातायात अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 4000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

तेज प्रताप ने पुलिसकर्मी से कराया था डांस, बॉडीगार्ड पर गिरी गाज:

इस मामले से जुड़ा एक और विवाद तब खड़ा हुआ जब तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक स्थान पर एक पुलिसकर्मी को डांस करने के लिए मजबूर किया। मना करने पर उन्होंने कथित तौर पर निलंबन की धमकी भी दी। इस घटना के बाद उनके बॉडीगार्ड कांस्टेबल दीपक कुमार को हटाकर उनकी जगह दूसरे कांस्टेबल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

‘पलटू चाचा’ बयान से भी सुर्खियों में:

तेज प्रताप यादव ने होली के दिन मुख्यमंत्री आवास के पास से गुजरते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘पलटू चाचा’ कहकर संबोधित किया। इस दौरान उनके समर्थकों ने ‘तेज प्रताप भैया जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

तेज प्रताप यादव की यह हरकतें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

#TejPratapYadav #TrafficViolation #PatnaNews #BiharPolitics #TejPratapControversy