Advertisement

जर्जर स्कूल भवन में जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे 98 बच्चे, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

-जर्जर स्कूल भवन में जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे 98 बच्चे, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई प्रखंड की राजखंड उत्तरी पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय उर्दू का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। विद्यालय में नामांकित 98 मासूम बच्चे हर दिन हादसे के डर के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं। छत से लगातार प्लास्टर और मलबा गिरने के कारण छात्र, शिक्षक और अभिभावक हमेशा किसी बड़ी अनहोनी की आशंका में रहते हैं।
विद्यालय में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है। कुल चार कमरों वाले इस विद्यालय में दो कमरे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। उनकी हालत इतनी खराब है कि वहां बच्चों को बैठाना जोखिम भरा माना जा रहा है। ऐसे में शेष दो कमरों में ही किसी तरह पहली से पांचवीं तक की सभी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।


प्रधान शिक्षक मदन साह ने बताया कि छत का प्लास्टर और मलबा गिरने से पहले भी कई बच्चे घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय समाजसेवी जेयाउल इस्लाम ने प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण का कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।