-जनकपुरधाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही जानकी नवमी
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर:
जनकपुरधाम में माता सीता की जयंती ‘जानकी नवमी’ शनिवार को भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सुबह से ही पूरे शहर में धार्मिक माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी।
शनिवार सुबह जानकी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों साधु-संत और श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। यह जुलूस मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव के नेतृत्व में बसबिट्टी स्थित दूधमती नदी पहुंचा, जहां सभी ने आस्था के साथ शाही स्नान किया।

जानकी नवमी के अवसर पर सुबह से ही जानकी मंदिर समेत राम मंदिर, रत्न सागर, बिहार कुंड, अग्नि कुंड स्थित झूलन कुंज और सुंदर सदन सहित विभिन्न मठ-मंदिरों में पूजा-पाठ, भंडारा और बधाई गीतों का आयोजन किया गया।
शाम के समय जानकी मंदिर में भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर मंदिर परिसर में करीब 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा वातावरण दीपमालाओं से जगमगा उठा।
इतना ही नहीं, नगर के लोगों ने भी अपने-अपने घरों के द्वार पर दीप जलाकर इस पावन पर्व को मनाया, जिससे पूरा जनकपुरधाम आस्था और प्रकाश से सराबोर हो सके।















