Advertisement

छह माह से सड़क पर जमा है नाले का गंदा पानी, 100 परिवार परेशान

-छह माह से सड़क पर जमा है नाले का गंदा पानी, 100 परिवार परेशान

मुजफ्फरपुर/औराई। प्रखंड अंतर्गत आलमपुर सीमरी पंचायत के सीमरी गांव स्थित वार्ड संख्या-9 में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से करीब 100 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे बने नाले की निकासी पिछले छह माह से बाधित है, जिसके कारण नाले का गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर फैल गया है। इसी रास्ते से होकर स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चे और आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले छोटे बच्चे आवागमन करते हैं।

यह सड़क सीमरी बाजार को रतवारा और बिंदवारा गांव से जोड़ती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से करीब 25 हजार की आबादी का आवागमन होता है। सड़क पर जमा गंदे पानी और काई के कारण राहगीरों व दोपहिया वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं।

स्थानीय समाजसेवी सुबोध चौधरी, रवि कुमार, राहुल कुमार और सूरज कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिछले छह महीने से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। नाले की निकासी बंद होने के कारण पानी सड़क पर फैल गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है।

सड़क पर जमा दूषित पानी का असर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-155 पर भी पड़ रहा है। केंद्र की सेविका पूनम देवी ने बताया कि केंद्र तक पहुंचने वाले रास्ते में गंदा पानी जमा रहने के कारण बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है। छोटे बच्चों के पानी में गिरने और संक्रमण की आशंका को लेकर अभिभावक उन्हें केंद्र भेजने से भी हिचक रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर सरकार के ‘सहयोग’ पोर्टल पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नाले की सफाई कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क से गंदा पानी हटाने और नाले की निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।