-छड़की बांध टूटने से माधोपुर हजारी में तबाही, दो हजार घरों में घुसा बाढ़ का पानी
मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत माधोपुर हजारी पंचायत में छड़की बांध टूटने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। बांध क्षतिग्रस्त होते ही तेज गति से पानी रिहायशी इलाकों में फैल गया। देखते ही देखते करीब डेढ़ से दो हजार घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया, जिससे हजारों लोगों के सामने सुरक्षित स्थान पर जाने का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को घरों से जरूरी सामान निकालने तक का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। इससे अनाज, कपड़े और मवेशियों के चारे को नुकसान पहुंचा है। कच्चे मकानों के गिरने का खतरा भी बढ़ गया है।

बाढ़ के पानी से घिरे परिवार अब ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। कई लोग अपने परिवार और मवेशियों के साथ बांध, पक्की सड़कों और सरकारी विद्यालयों में शरण ले रहे हैं। जलजमाव के कारण हैंडपंप डूब जाने से स्वच्छ पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। वहीं, घरों में पानी भरने के कारण खाना पकाना मुश्किल हो गया है और पशुपालकों के सामने मवेशियों के चारे की गंभीर समस्या है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है। प्रभावित इलाकों में नाव, सूखा राशन, पेयजल और पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही टूटे छड़की बांध की तत्काल मरम्मत कर पानी के आगे फैलाव को रोकने की अपील की गई है।












