Advertisement

चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट का कारोबार पकड़ा, 21 हजार से अधिक पैकेट जब्त

-चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट का कारोबार पकड़ा, 21 हजार से अधिक पैकेट जब्त

मुजफ्फरपुर। चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के अवैध कारोबार का नगर थाना पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया। वीएसटी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शिकायत पर पुलिस ने धर्मशाला चौक स्थित एक थोक विक्रेता की दुकान में छापेमारी कर 21 हजार से अधिक नकली सिगरेट के पैकेट जब्त किए हैं। जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने नकली सिगरेट की खेप अहियापुर के जीरोमाइल इलाके के एक युवक से खरीदी थी। पुलिस अब इस युवक की पहचान और उसकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता दिल्ली निवासी जगमीत सिंह रंधावा के अनुसार, नकली सिगरेट वीएसटी इंडस्ट्रीज के लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी। आरोप है कि नकली उत्पादों की पैकिंग में असली ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और गलत स्पेलिंग का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे ग्राहकों को भ्रमित किया जा सके।

कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, नकली उत्पादों की बिक्री के कारण कंपनी को राजस्व में करीब 50 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा था। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि हिरासत में लिया गया कारोबारी पहले कंपनी का थोक डिस्ट्रीब्यूटर रह चुका है। आरोप है कि वह असली सिगरेट की आड़ में नकली उत्पादों की आपूर्ति मुजफ्फरपुर समेत आसपास के कई जिलों में कर रहा था।

कंपनी की ओर से बताया गया कि नकली सिगरेट के इस नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इससे पहले पूर्णिया जिले में भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई कराई गई थी, जहां से 40 हजार से अधिक नकली सिगरेट बरामद की गई थी।

नगर थाना पुलिस अब हिरासत में लिए गए कारोबारी से पूछताछ के आधार पर नकली सिगरेट के सप्लायर और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।