-18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को दी बधाई, नई दिल्ली घोषणापत्र को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
पटना, 13 सितंबर(दीपक कुमार तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता और ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पर सदस्य देशों की सर्वसम्मति का स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई एवं धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। BRICS सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता ने इस बढ़ती भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। BRICS देशों द्वारा बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त किया जाना पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सदस्य देशों को एक मंच पर लाकर ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पर सहमति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक संस्थाओं में सुधार तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूती देना भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता के समर्थन को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक शासन व्यवस्था में विकासशील देशों की बढ़ती भूमिका को बल मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण एवं वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।
आतंकवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने BRICS देशों के स्पष्ट रुख का स्वागत किया। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जरूरी है। आतंकवाद की फंडिंग, आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही और उन्हें सुरक्षित पनाहगाह उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ वैश्विक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता के बीच नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था समय की आवश्यकता है। आपूर्ति शृंखला में व्यवधान, एकतरफा प्रतिबंधों और वैश्विक व्यापार में कमी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने युद्ध और संघर्षों का समाधान संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से किए जाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में BRICS देशों के बीच सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा और हाइड्रोजन सहित विभिन्न ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहयोग आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बिहार के सत्तु और मखाना को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि BRICS सम्मेलन में भारत ने दुनिया के सामने शांति, सहयोग, विकास और न्यायपूर्ण वैश्विक व्यवस्था का स्पष्ट दृष्टिकोण रखा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ता प्रभाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है।












