-चंदवारा फेज-दो परियोजना को मिली 120 करोड़ की मंजूरी
-जेल चौक से सिपाहपुर तक बनेगा नया एप्रोच पथ
मुजफ्फरपुर। शहर की बहुप्रतीक्षित चंदवारा फेज-दो परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 120 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। पथ निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव दीपेश कुमार ने महालेखाकार को पत्र भेजकर स्वीकृत राशि जारी करने का निर्देश दिया है।
परियोजना के तहत जेल चौक से सिपाहपुर तक करीब तीन किलोमीटर लंबा नया एप्रोच पथ बनाया जाएगा। इसके निर्माण के बाद चंदवारा पुल सीधे दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से जुड़ जाएगा, जिससे शहर और आसपास के करीब पांच लाख लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को यह राशि दो चरणों में उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के भीतर हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वीकृत राशि में से लगभग 57 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि से एप्रोच पथ का निर्माण करने के साथ-साथ अमर शहीद खुदीराम बोस चिताभूमि स्थल के जीर्णोद्धार का कार्य भी कराया जाएगा।
गौरतलब है कि इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी और इसे 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवादों के कारण परियोजना करीब आठ वर्ष तक अटकी रही।
परियोजना के पहले चरण में पुल और प्रारंभिक एप्रोच पथ का निर्माण किया गया है, जो लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण का कार्य शुरू होने से मुजफ्फरपुर के पूर्वी क्षेत्र में वर्षों से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।













