-गायघाट में 8.5 लाख रुपये खर्च कर बना सामुदायिक शौचालय वर्षों से बंद, गेट पर लटका ताला; जनता के पैसे की बर्बादी का आरोप
-प्रखंड प्रमुख ने किया था उद्घाटन, लेकिन आज तक आम लोगों को नहीं मिल रही सुविधा
-स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। गायघाट प्रखंड मुख्यालय परिसर में आम लोगों की सुविधा के लिए करीब 8.5 लाख रुपये की लागत से बनाए गए सामुदायिक शौचालय पर वर्षों से ताला लटका हुआ है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए इस शौचालय का उद्घाटन तत्कालीन प्रखंड प्रमुख द्वारा किया गया था। लेकिन उद्घाटन के बाद भी यह आम जनता के उपयोग में नहीं आ सका।

प्रखंड मुख्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण विभिन्न सरकारी कार्यों को लेकर पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और दूर-दराज से आने वाले लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सरकारी राशि खर्च कर शौचालय का निर्माण कराया गया, तो उसे नियमित रूप से संचालित करने की व्यवस्था भी होनी चाहिए थी। वर्षों से बंद पड़े इस शौचालय के कारण सरकारी धन के उपयोग और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस सार्वजनिक शौचालय का लाभ आखिर आम लोगों को कब मिलेगा? स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक इसे चालू कराने की दिशा में क्या पहल की गई है, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब ग्रामीणों ने प्रशासन से शौचालय का ताला खुलवाकर इसे जल्द से जल्द आम जनता के लिए चालू कराने तथा इसकी देखरेख की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।












