-कांटी में जर्जर सड़कों पर हादसों का खतरा, बड़े-बड़े गड्ढों से राहगीर परेशान
-दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को आवागमन में होगी परेशानी, मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश
कांटी, मुजफ्फरपुर। कांटी नगर परिषद क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें जर्जर हालत में हैं। सड़कों पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को आमंत्रित कर रहे हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-पंडालों और मंदिरों तक आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मामले को एडीएम (विधि-व्यवस्था) के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने इस मामले में जल्द कार्रवाई होने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, पथ निर्माण विभाग डिवीजन-1 के अधीन आने वाला कांटी हाईस्कूल रोड, कांटी-मड़वन भाया शिवहर-रघई मार्ग कई स्थानों पर जर्जर हो चुका है। कांटी हाईस्कूल से पुराना चौक, नया चौक, हॉस्पिटल रोड, प्रखंड चौक और स्टेशन रोड होते हुए शेरना की ओर जाने वाले लगभग तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कई जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कांटी रेलिंग पुल के समीप, नए वार्ड संख्या 6 और 15 की सीमा पर भी सड़क की स्थिति खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दो वर्षों से इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है।

इसी तरह कांटी पेट्रोल पंप से कांटी थाना रोड, हनुमान मंदिर होते हुए पुराना चौक तक जाने वाली पुरानी मोतिहारी सड़क भी बदहाल है। वार्ड संख्या 6, 16 और 17 की सीमा से गुजरने वाले लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क की मरम्मत भी पिछले तीन से चार वर्षों से नहीं कराई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर सड़कें दुर्घटना की आशंका बढ़ा रही हैं। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल भी हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। सड़कों की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की परेशानी दूर करने और हादसों की आशंका कम करने के लिए संबंधित विभाग कब तक मरम्मत कार्य शुरू कराता है।












