-कांटी में एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में झाड़ियों से श्रमिक का शव बरामद, इलाके में सनसनी
मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव स्थित एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र एस डाइक लैगून-1 में बुधवार को झाड़ियों के बीच एक श्रमिक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नगर परिषद कांटी क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी शंभू सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शंभू ट्रैक्टर से छाई ढुलाई का मजदूरी का काम करता था। बुधवार को प्रतिबंधित क्षेत्र में झाड़ियों के बीच शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इधर, घटना को लेकर एनटीपीसी कांटी के एजीएम (एस. यूटिलाइजेशन) आनंद कुमार झा ने कहा कि इस घटना से एनटीपीसी कांटी का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि शव एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में मिला है, लेकिन घटना का एनटीपीसी से कोई वास्ता नहीं है।
फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि श्रमिक युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।












