-कांटी की प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे, राहगीरों को आवाजाही में परेशानी
मुजफ्फरपुर/कांटी। नगर परिषद क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की जर्जर हालत से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांटी पुराना चौक मुख्य मार्ग, पुरानी मोतिहारी रोड होते हुए थाना रोड तथा कांटी स्टेशन से शेरना होते हुए पानापुर जाने वाले मार्ग पर कई जगह सड़क टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
कांटी हाई स्कूल रोड से कांटी पुराना चौक होते हुए नया चौक और प्रखंड चौक की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग भी कई स्थानों पर जर्जर है। कांटी-मड़वन भाया शिवहर-रघई मार्ग पर कांटी रेलिंग पुल के समीप मुख्य सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है। यह स्थल नगर परिषद के नए वार्ड संख्या छह और 15 के सीमांकन क्षेत्र में स्थित बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कांटी थाना रोड, जिसे पुरानी मोतिहारी रोड के नाम से भी जाना जाता है, पर भी कई जगह सड़क टूटकर गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी जमा होने से समस्या और बढ़ जाती है।
इसी तरह कांटी स्टेशन से शेरना होते हुए पानापुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग की हालत भी कई स्थानों पर खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़कों की जर्जर स्थिति की जानकारी पथ निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों को पहले से है। बावजूद इसके अब तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। बताया गया कि उक्त सड़क मार्ग मुजफ्फरपुर जिले के पथ निर्माण विभाग डिवीजन-1 के अंतर्गत आता है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।












