Advertisement

कटरा में बागमती का जलस्तर पांच फुट बढ़ा

-कटरा में बागमती का जलस्तर पांच फुट बढ़ा

-बकुची पीपा पुल पर चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद
-14 पंचायतों का संपर्क प्रभावित

मुजफ्फरपुर। जिले के कटरा प्रखंड में बागमती नदी के जलस्तर में अचानक करीब पांच फुट की वृद्धि होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदी का पानी बकुची स्थित पीपा पुल के दोनों किनारों तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए पुल से चारपहिया वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। इससे प्रखंड के उत्तरी क्षेत्र की करीब 14 पंचायतों का संपर्क प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से प्रभावित हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पीपा पुल के दोनों तरफ बने पहुंच पथ पर एक फुट से अधिक पानी बह रहा है। ऐसे में पैदल और दोपहिया वाहन से आवागमन करना भी जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद लोग जरूरी काम से पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं।


बकुची निवासी धर्मेंद्र कमती ने बताया कि शनिवार शाम से ही बागमती के जलस्तर में तेजी से वृद्धि शुरू हुई। इससे छात्रों, मरीजों और आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को वैकल्पिक रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
पीपा पुल के संचालक अरुण सिंह ने बताया कि एप्रोच पथ डूबने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर चारपहिया और भारी वाहनों का परिचालन बंद किया गया है। जलस्तर घटने और रास्ता सुरक्षित होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही बहाल की जाएगी।