-एसटीएफ-पुलिस ने हवाला कारोबार का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
-17.85 लाख नेपाली एवं 13.04 लाख भारतीय कैश बरामद
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर पर अवैध मनी एक्सचेंज और हवाला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पटना एसटीएफ और रक्सौल थाना की संयुक्त टीम ने सब्जी बाजार इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से नेपाली और भारतीय करेंसी का धंधा करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया।इस दौरान भारी मात्रा में मुद्रा बरामद की गई और दो धंधेबाजों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चीनी कारोबारी मोहम्मद शाहिद के ठिकाने पर की गई। शाहिद पर लंबे समय से अवैध रूप से नेपाली करेंसी के मनी एक्सचेंज के धंधे में संलिप्त होने की सूचना थी। संयुक्त टीम ने कुल 17, 85,100 रुपए नेपाली करेंसी और 13, 04,150 रुपए भारतीय करेंसी नगद बरामद की है।हिरासत में लिए गए आरोपियों से इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों का पता लगाने के लिए कड़ी पूछताछ की जा रही है।

इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी टीम का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी और रक्सौल के थानाध्यक्ष एएसपी हेमंत सिंह ने किया। रक्सौल बॉर्डर पर अवैध नेपाली करेंसी का धंधा लंबे समय से चल रहा है, लेकिन एएसपी हेमंत सिंह के कमान संभालने के बाद से ऐसे सिंडिकेट पर लगातार कार्रवाई हो रही है। इससे पहले भी कई सफल कार्रवाइयों को अंजाम दिया जा चुका है।इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों के अवैध मनी एक्सचेंज संचालकों में हड़कंप मच गया है। एएसपी हेमंत सिंह की लगातार बेहतर कार्रवाई से रक्सौल में अपराध और अवैध वित्तीय गतिविधियों पर लगाम कसती दिख रही है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि सीमा पार होने वाले हर संदिग्ध लेनदेन पर उनकी पैनी नजर है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












