-एसआईआर, वोट चोरी, पेपर लीक और शिक्षा-रोजगार के मुद्दों पर जनजागरण अभियान, चौक-चौराहों पर बांटे पर्चे
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव
राजापाकर। संयुक्त बिहार नागरिक मोर्चा एवं लोहिया विचार मंच की ओर से एसआईआर, कथित वोट चोरी, पेपर लीक और आम आदमी के बच्चों को शिक्षा से वंचित रखने की साजिश के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बराटी थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्चे वितरित कर लोगों को जागरूक किया। अक्षयवट राय चौक, बहुआरा चौक और दयालपुर चौक पर अभियान चलाकर इन मुद्दों पर लोगों के बीच चर्चा की गई।
अभियान के दौरान वक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का सवाल उठाया। उन्होंने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई। एसआईआर को लेकर वक्ताओं ने दावा किया कि 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसके संरक्षण के लिए आम लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
पेपर लीक के मुद्दे पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पैसे और प्रभाव के बल पर संपन्न परिवारों के बच्चों को लाभ मिलता है, जबकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चे पीछे छूट जाते हैं। इससे शिक्षा और रोजगार के अवसरों में असमानता बढ़ रही है। उन्होंने स्कूलों की तालाबंदी और कोचिंग संस्थानों की कथित लूट पर भी चिंता जताई।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, परीक्षा और रोजगार आज देश के सबसे महत्वपूर्ण सवाल हैं। व्यवस्था में सुधार के बजाय आम जनता को मूलभूत मुद्दों से भटकाया जा रहा है। अब नागरिक अधिकारों और बच्चों के भविष्य की रक्षा के लिए चुप्पी तोड़ने का समय है। अभियान के दौरान ‘बंद करो स्कूलों की तालाबंदी’, ‘बंद करो कोचिंग की लूट’, ‘हर हाथ को काम दो’ और ‘हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार दो’ जैसे नारे लगाए गए।
मौके पर लोहिया विचार मंच के सुनील कुमार, अधिवक्ता विजेंद्र कुमार, सुरेश प्रसाद सिंह, राजेश कुमार, डॉ. रंजीत कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












