Advertisement

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन

-उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन

-डीएम, एसएसपी और नगर आयुक्त ने घाटों का किया लगातार निरीक्षण -एसडीआरएफ की बोट से भी रखी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर

मुजफ्फरपुर। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उषाकाल में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इसी के साथ छठव्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण कर चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन किया। जिलेभर के छठ घाटों पर प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर आयुक्त लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इसके अलावा एसडीआरएफ की बोट से भी घाटों और जलक्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया।


इस दौरान अधिकारियों ने पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। प्रशासन के अनुसार, बेहतर तैयारी और उत्कृष्ट व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया।
घाटों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, मेडिकल सुविधा और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई थी। आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ नियंत्रण, पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी।
वहीं, पूरे आयोजन की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया था। वीडियो कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से घाटों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी छठव्रतियों, श्रद्धालुओं, पूजा समितियों, पदाधिकारियों, कर्मियों और समस्त जिलावासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को हार्दिक बधाई दी।