Advertisement

इश्क का क्लाइमेक्स अस्पताल में! प्रेमी की पिटाई के बाद सदर अस्पताल बना अखाड़ा

-इश्क का क्लाइमेक्स अस्पताल में! प्रेमी की पिटाई के बाद सदर अस्पताल बना अखाड़ा

औरंगाबाद। कहते हैं इश्क में इंसान दुनिया से लड़ने को तैयार हो जाता है, लेकिन मंगलवार को औरंगाबाद सदर अस्पताल में तो पूरा परिवार ही आमने-सामने आ गया। मामला इतना गरमाया कि अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड कुछ देर के लिए इलाज का केंद्र कम और प्रेम प्रसंग की ‘लाइव पंचायत’ ज्यादा नजर आया। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज हंगामे ने मरीजों और उनके परिजनों को भी हैरान कर दिया।
दरअसल, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव निवासी एक शादीशुदा युवक का कथित तौर पर एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है, जबकि महिला के पांच बच्चे हैं। दोनों कथित तौर पर अपने-अपने परिवार से अलग होकर शादी करने की तैयारी में थे।
बताया जाता है कि मंगलवार को दोनों कोर्ट में शादी करने पहुंचे थे। लेकिन प्रेम कहानी की भनक जैसे ही दोनों पक्षों के परिजनों को लगी, मामला शादी तक पहुंचने से पहले ही बिगड़ गया। आरोप है कि युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घायल युवक किसी तरह शादी से जुड़े दस्तावेज लेकर सदर अस्पताल पहुंचा, लेकिन यहां भी विवाद ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।

अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ ‘दूसरा एपिसोड’

युवक के अस्पताल पहुंचने के बाद उसके परिजन भी वहां पहुंच गए। दूसरी ओर महिला के परिजन और ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। फिर शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
इस प्रेम कहानी में जेवर का ट्विस्ट भी सामने आया। बताया गया कि युवक ने महिला को कुछ आभूषण दिए थे। युवक के परिजनों का दावा था कि ये गहने उनकी भतीजी की शादी के लिए खरीदे गए थे। इसके बाद सवाल उठने लगा कि आखिर जेवर किसके थे और महिला तक कैसे पहुंचे।
देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा बढ़ गया। आरोप है कि महिला के साथ भी मारपीट की गई और लाठी-डंडे चलने लगे। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था।

पुलिस पहुंची तो लगा हंगामे पर ब्रेक:

अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति शांत हुई। पुलिस सभी संबंधित लोगों को नगर थाना ले गई।
थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया। खास बात यह रही कि काफी विवाद के बावजूद दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने समझाकर सभी को घर भेज दिया।

एक प्रेम कहानी और कई रिश्तों में तनाव:

बताया जा रहा है कि दोनों पहले से शादीशुदा हैं और दोनों के बच्चे भी हैं। इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवारों के बीच तनाव बढ़ता गया। मंगलवार को सदर अस्पताल में हुआ हंगामा इसी विवाद का नतीजा बताया जा रहा है।
सदर अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला ने बताया कि अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई थी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई।
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन मंगलवार को औरंगाबाद सदर अस्पताल में हुई यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय जरूर बन गई है। प्रेम कहानी कोर्ट से शुरू होकर अस्पताल पहुंची और फिर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल ‘ब्रेक’ पर आ गई।