Advertisement

SKMCH के पास होटल की आड़ में चल रहा था फर्जी नर्सिंग होम

-SKMCH के पास होटल की आड़ में चल रहा था फर्जी नर्सिंग होम

-छापेमारी में कई मरीज भर्ती मिले; होटल सील

मुजफ्फरपुर।एसकेएमसीएच के पास होटल की आड़ में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। होटल के बेसमेंट और सबसे ऊपरी मंजिल पर कथित तौर पर बिना वैध कागजात के फर्जी नर्सिंग होम संचालित किया जा रहा था। बाहर से यह जगह सामान्य होटल जैसी दिखती थी, लेकिन अंदर अस्पताल जैसी व्यवस्था और कई बेड पर भर्ती मरीज मिले।
गुप्त सूचना पर शनिवार को एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव ने पुलिस बल के साथ उक्त ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम को होटल के कमरों में कई मरीज भर्ती मिले। आरोप है कि यहां बिना वैध लाइसेंस और विशेषज्ञ चिकित्सकों के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। मौके की स्थिति देखकर छापेमारी टीम भी हैरान रह गई।
प्रशासनिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि कथित गिरोह के सदस्य सरकारी अस्पताल के आसपास सक्रिय रहते थे। आरोप है कि वे वहां आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सस्ते एवं बेहतर इलाज का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते और फिर उन्हें इस कथित फर्जी नर्सिंग होम में ले जाते थे।


छापेमारी के दौरान मौके से फर्जी लेटर पैड, दवाइयां और विभिन्न चिकित्सा दस्तावेज बरामद किए गए हैं। प्रशासन अब बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ पूर्वी ने बिना वैध कागजात संचालित किए जा रहे होटल सह कथित फर्जी अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। हालांकि, प्रशासनिक टीम के पहुंचने की भनक लगते ही संचालक और अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए। इसके चलते तत्काल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की जिंदगी और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार संचालक और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई करेगी।