-कांटी में विधायक अजीत कुमार ने रबी महाभियान का किया शुभारंभ, किसानों को खाद-बीज की कमी नहीं होने का दिया भरोसा
मुजफ्फरपुर। कांटी प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन परिसर में मंगलवार को वासंतिक रबी महाभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवनाथ झा ने अंगवस्त्र देकर विधायक को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को गेहूं, दलहन और तिलहन की खेती के लिए खाद एवं बीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए उन्होंने सभी किसान सलाहकारों को तीन दिनों के अंदर किसानों की खेती योग्य भूमि का स्थलीय सर्वेक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को नहर के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने उपस्थित किसानों से खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित समाधान के लिए मौके पर मौजूद बीडीओ, बीएओ, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकारों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल उन्हें सूचना दें, ताकि समस्या के समाधान के लिए पहल की जा सके।
खाद-बीज की दुकानों से जुड़ी शिकायतों पर विधायक ने बीडीओ एवं बीएओ को निर्देश दिया कि कांटी प्रखंड के सभी दुकानदार किसानों को उचित मूल्य पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान कई किसानों के बीच कृषि यंत्रीकरण परमिट का भी वितरण किया गया।
मौके पर बीडीओ किशन चंद्रयान, बीएओ शिवनाथ झा, मुखिया ज्ञान कौशिक होरिल, जदयू नगर अध्यक्ष सह पार्षद चंदन पांडेय, हरदेव ठाकुर, मनमोहन सिंह, पवन कुमार, मुकेश कुमार, अर्जुन सिंह, सतीश सिंह, रामनरेश प्रसाद, शैलेंद्र चौधरी, सरोज सिंह, उमेश पांडेय, मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं कृषि विभाग के कर्मी उपस्थित थे।












