Advertisement

PM मोदी ने दरभंगा में विपक्षियों को ललकारा,एक शहजादे ने बचपन से पूरे देश को;दूसरे ने पूरे बिहार को अपनी जागीर समझा है

 

दीपक कुमार तिवारी।पटना/दरभंगा।

पीएम मोदी शनिवार को दरभंगा में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जैसे एक शहजादा दिल्ली में है, वैसे ही एक शहजादा पटना में भी है। एक शहजादे ने बचपन से पूरे देश को और दूसरे शहजादे ने पूरे बिहार को अपनी जागीर समझा है। इन दोनों शहजादों की रिपोर्ट कार्ड एक जैसे हैं। इनके रिपोर्ट कार्ड में सिवाय घोटालों और बेलगाम कानून-व्यवस्था के कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगी हुई है कि ओबीसी् कोटे को कम करके, धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण दे दिया जाए और कांग्रेस की इस साजिश में आरजेडी भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। पीएम मोदी शनिवार को दरभंगा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘कांग्रेस ऐसा कानून बनाना चाहती है कि दिल्ली में उनकी सरकार बनेगी तो आपके मां बाप ने जो कमाया है, वो अब आपकों नहीं मिलेगा। आधा इनकी सरकार छीन लेगी। 55 प्रतिशत विरासत पर ये फतवा लाना चाहते हैं। अब आरजेडी ने ये गिनना शुरू कर दिया है कि सेना में कौन हिंदू है, कौन मुसलमान है। ये लोग समाज को बांटने के लिए, देश की एकता तोड़ने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। मां भारती की रक्षा के लिए जो सीने पर गोली खाता है, वो पहले भारतीय होता है। आरजेडी के लोग, उसे हिंदू, मुसलमान की नजर से देखते हैं। बाबा साहेब के नेतृत्व में संविधान सभा ने 75 साल पहले तय किया था कि हमारे देश में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दे सकते हैं। पंडित नेहरू ने भी धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध किया। लेकिन अब कांग्रेस पंडित नेहरू जी की भावना के विरुद्ध जा रही है, बाबा साहेब की पीठ में छूरा घोंप रही है, संविधान को तोड़ने में लगी है।


पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में ये कालखंड ऐसा आया है, जब भारत फिर से अपनी सारी बेड़ियां तोड़ कर उठ खड़ा हुआ है। आज दुनिया में भारत की साख नई ऊंचाई पर है। आज भारत, चांद पर पहुंच गया है, जहां कोई नहीं पहुंचा। 10 साल पहले हम, दुनिया की 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे, सिर्फ 10 साल में हम, दुनिया की 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। आज से 1,000 साल पहले, जब पश्चिम से भारत पर हमले होने शुरू हुए थे, तब किसी ने नहीं सोचा था कि भारत एक हजार साल की गुलामी में घिर जाएगा। जब अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही थी, तब मैंने कहा था कि अब भारत आने वाले 1,000 साल का भविष्य लिखेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि जो बिहार देश को दिशा दिखाता था, वो ऐसे संकटों से घिरा की सब कुछ तबाह हो गया, लेकिन भारत के भाग्य ने, बिहार के भाग्य ने एक बार फिर करवट ली है। कई बार इतिहास की एक घटना ही कई-कई शताब्दियों का भाग्य तय कर देती है।दरअसल आज की सभा से मोदी ने बिहार के मिथिलांचल के क्षेत्रों में वोटरों को साधने करने की कोशिश की।