Advertisement

MLC की 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज, 3-4 दिनों में उम्मीदवारों की घोषणा: प्रशांत किशोर

-MLC की 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज, 3-4 दिनों में उम्मीदवारों की घोषणा: प्रशांत किशोर

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। आगामी स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को मोतिहारी के पॉम बेरी रिजॉर्ट में पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब तीन घंटे तक चली बैठक में चुनावी रणनीति और संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन किया गया।
बैठक में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान निर्दलीय एमएलसी अफाक अहमद समेत पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, गोपालगंज और बगहा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संभावित प्रत्याशियों को लेकर राय भी ली गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज आगामी एमएलसी चुनाव में आठ सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र समेत सभी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के साथियों से सुझाव लिए गए हैं।


प्रशांत किशोर ने बताया कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अगले 3-4 दिनों में पटना से एक साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय निर्वाचित एमएलसी अफाक अहमद को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने आगामी चुनाव को लेकर अपने संगठनात्मक ढांचे को और सक्रिय करने पर जोर दिया।