Breaking: बिहार में अगले 72 घंटे तक झमाझम बारिश का अलर्ट
-मौसम विभाग ने दे दी तीन दिन वाली ‘खुशखबरी’
संवाददाता। पटना।
बिहार में अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया है कि तीन मौसमी सिस्टम के कारण बिहार समेत पूरा पूर्वी भारत फिर से भीग सकता है। इससे राज्य के अधिकतर जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। हालांकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी भी जारी कर दी है। शनिवार को दक्षिण और उत्तर-पूर्व बिहार में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। नवादा, जमुई, मुंगेर, शेखपुरा और लखीसराय में तो भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

दरअसल, इस समय देश में दो मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इस सीजन का तीसरा डिप्रेशन मध्य प्रदेश के उत्तर में था जो धीरे-धीरे उत्तर-पूर्वी दिशा में बढ़ते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर आ गया है। शुक्रवार को यह उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश होगी। गया, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर और मुंगेर में भारी बारिश होने की आशंका है।
वहीं, सोमवार को कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जिले में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी और मध्य बिहार के कुछ इलाकों में भी वज्रपात के साथ हल्की बारिश संभव है। हालांकि 17 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उमीद है।
वहीं, अगर राजधानी पटना की बात करें तो शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। रविवार और सोमवार को मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं। बारिश के साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
















