Advertisement

मोतिहारी में दो दिवसीय चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव का होगा आगाज, देश-विदेश के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

-मोतिहारी में दो दिवसीय चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव का होगा आगाज, देश-विदेश के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

-ठुमरी, गजल, शास्त्रीय संगीत, कथक और भोजपुरी लोकगीतों से सजेगी महफिल
-सांसद राधामोहन सिंह करेंगे उद्घाटन

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
चंपारण की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कला परंपरा को मंच देने के उद्देश्य से चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आगाज शनिवार से होगा। चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय इस आयोजन को लेकर नगर भवन मैदान में भव्य मंच और पंडाल तैयार कर लिया गया है। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह करेंगे।
महोत्सव समिति की वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. चंद्रलता झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, वरीय प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम की मेयर सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी और दर्शक-श्रोता शामिल होंगे।
महोत्सव के पहले दिन शास्त्रीय संगीत, ठुमरी, गजल और नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कोषाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मॉडर्न पब्लिक स्कूल की छात्राओं के स्वागत गान से होगी।

इसके बाद कोलकाता की अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध गायिका पिउ मुखर्जी ख्याल, ठुमरी, दादरा, टप्पा और गजल की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ तबले पर इमोन सरकार, हारमोनियम पर ज्योतिर्मय बैनर्जी, गिटार पर सयान्तन बिजोली और सारंगी पर दिल्ली के प्रसिद्ध सारंगीवादक उस्ताद मुराद अली संगत करेंगे।
इसके बाद कोलकाता के सोनारपुर नादम ग्रुप की ओर से नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। कथक नर्तक गुरु संदीप मल्लिक के निर्देशन और कोरियोग्राफी में तैयार इस प्रस्तुति में नाद-ब्रह्म, प्रेम, रास-रंग और शिव तांडव के विभिन्न स्वरूपों को नृत्य के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में समिति की ओर से प्रकाशित शोधपरक स्मारिका का लोकार्पण भी किया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन लोक संगीत और पारंपरिक गीतों की धूम रहेगी। अपर सचिव नीता शर्मा ने बताया कि समापन समारोह में बिहार की लोकप्रिय गायिका सिमरन श्रुति शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायन के साथ गीत, गजल और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं, सुप्रसिद्ध लोकगायक राजीव रंजन सिंह अपनी ठेठ भोजपुरी गायकी से चंपारण की माटी की खुशबू बिखेरेंगे।
दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत माउंट लिटेरा जी स्कूल के छात्र-छात्राओं के स्वागत गान और समूह नृत्य से होगी। इसके बाद जिले की प्रतिभाशाली गायिका अदिति झा, मुकेश द्विवेदी और कृष्णा कुमार गुप्ता अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव को यादगार बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम, आकर्षक मंच सज्जा, अत्याधुनिक लाइटिंग और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति के विविध रंगों के माध्यम से चंपारण की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा।