Advertisement

हथकड़ी सरकाकर कैदी फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

-हथकड़ी सरकाकर कैदी फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

-सीजीएम कैंपस के गेट के पास सिपाही को चकमा देकर भागा कैदी -पुलिस ने शुरू की तलाश और सुरक्षा चूक की जांच

मुजफ्फरपुर। सिविल कोर्ट परिसर से शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में लाया गया एक कैदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। घटना सीजीएम कैंपस के गेट के पास की बताई जा रही है। कैदी के फरार होते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पुलिसकर्मी कैदी को हथकड़ी लगाकर कोर्ट परिसर से लेकर जा रहा था। इसी दौरान कैदी ने हाथ से हथकड़ी सरका ली और सिपाही को चकमा देकर भाग निकला। घटना अचानक हुई, जिससे आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।


कैदी के भागने के बाद पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े। कोर्ट परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने भी उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैदी सीजीएम कैंपस के गेट की ओर भागा और देखते ही देखते भीड़ में ओझल हो गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक चाय दुकानदार ने बताया कि वह चाय लेकर जा रहा था, तभी उसने पुलिसकर्मी को एक कैदी के साथ आते देखा। इसी दौरान कैदी हथकड़ी सरकाकर भाग निकला। दुकानदार के अनुसार, घटना उसके सामने करीब 10 मिनट पहले हुई थी।
व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता सुशील कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। शुक्रवार को उनके सामने ही कैदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
कैदी के फरार होने के बाद पुलिस प्रशासन उसकी तलाश में जुट गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुलिस अभिरक्षा के दौरान सुरक्षा में चूक कैसे हुई और कैदी हथकड़ी सरकाकर भागने में कैसे सफल रहा। घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।