-सैनिक स्कूल में धन्वंतरि पूजा पर छात्रों ने बनाई भारतीय शुभ आकृतियां
-पर्वों के सकारात्मक संदेश अपनाने का आह्वान
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में शुक्रवार को धन्वंतरि पूजा के अवसर पर छात्रों ने प्रेरक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की शुभ आकृतियों स्वास्तिक, दीपक और कलश आदि का आकर्षक निर्माण किया। छात्रों की प्रस्तुतियां मनमोहक एवं प्रेरणादायी रहीं। माता लक्ष्मी की दीप प्रज्वलित कर एवं स्तुति के माध्यम से आराधना की गई।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व एवं त्योहार ऊर्जा और प्रेरणा के स्रोत हैं। भारतीय पर्वों की अपनी विशिष्ट पहचान के साथ वैज्ञानिक महत्ता भी है। उन्होंने धन्वंतरि पूजा, दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों को आनंदपूर्वक मनाने के साथ उनके सकारात्मक संदेशों को अपने जीवन में भी उतारना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्या सहित मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा उपस्थित रहे।












