-12 दिसंबर को सिकंदरपुर स्टेडियम में लगेगी साल की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत
-7 से 11 दिसंबर तक ट्रैफिक चालान का होगा निःशुल्क सत्यापन
मुजफ्फरपुर। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में मैराथन बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग, परिवहन विभाग, ट्रैफिक विभाग, जिले के सभी थाना प्रभारियों, न्यायिक अधिकारियों एवं सीजेएम स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अधिक से अधिक लंबित मामलों की पहचान कर उनका निष्पादन सुलह और समझौते के आधार पर कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं, सभी थाना प्रभारियों को लोक अदालत से संबंधित नोटिसों का समय पर तामिला सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना मिल सके और वे लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का निपटारा करा सकें।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आम लोगों से वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसमें आपराधिक सुलहनीय मामले, दावा संबंधी मामले, टेलीफोन, बीमा, बैंक ऋण तथा पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निष्पादन कराया जा सकता है।
इस बार पिछली लोक अदालत में पक्षकारों को हुई परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग सहायता एवं सुविधा काउंटर बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे आसानी से अपने मामलों का निष्पादन करा सकें।
बैठक में एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया गया कि 7 दिसंबर से 11 दिसंबर 2026 तक 90 दिन पुराने यातायात चालान से संबंधित मामलों का निःशुल्क सत्यापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के प्रांगण में किया जाएगा। वहीं, इन मामलों का निष्पादन 12 दिसंबर को सिकंदरपुर स्टेडियम, मुजफ्फरपुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से समय और धन की बचत के साथ आपसी सहमति से विवादों का सरल, सुलभ एवं शीघ्र समाधान संभव है।











