-पीपीटी राउंड में 21 अभ्यर्थियों ने लिया भाग
-6 का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
मुजफ्फरपुर। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD–2027) के अंतर्गत मंगलवार, 25 नवंबर को जिला नियोजनालय, मुजफ्फरपुर के परिसर में पीपीटी राउंड का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में निबंध राउंड में चयनित कुल 45 अभ्यर्थियों में से 21 अभ्यर्थियों ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पीपीटी प्रस्तुति एवं ज्यूरी सदस्यों द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर कुल छह अभ्यर्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया, जबकि चयनित छह अभ्यर्थियों को ज्यूरी द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता क्रम में उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की ज्यूरी में अध्यक्ष के रूप में जिला श्रम अधीक्षक श्री नीरज नयन शामिल रहे। वहीं, सदस्य के रूप में सहायक निदेशक (नियोजन) श्री जैनेंद्र कुमार, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक (सीनियर स्केल) डॉ. देवेंद्र प्रताप तिवारी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुजफ्फरपुर के उप प्राचार्य श्री रजनीश कुमार तथा महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (WITI) मुजफ्फरपुर के उप प्राचार्य श्री प्रभाकर कुमार ने मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की नेतृत्व क्षमता, विचार प्रस्तुति, रचनात्मकता और विकसित भारत के दृष्टिकोण से जुड़े विचारों को प्रोत्साहित किया गया। चयनित छह अभ्यर्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।












