Advertisement

बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 23 नवंबर। बिहार विधान परिषद् के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से नवनिर्वाचित आठ विधान पार्षदों का सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। विधान परिषद् के उप भवन सभागार में आयोजित समारोह में कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय ने सभी आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले विधान पार्षदों में डॉ. संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राहुल राज, नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, बंशीधर बृजवासी और डॉ. एनके यादव शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।


समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह मौजूद रहीं।
इसके अलावा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल सहित कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति समारोह में शामिल हुए।