Advertisement

ट्रेड फेयर के रूप में विकसित होगा सोनपुर मेला: सम्राट चौधरी

-ट्रेड फेयर के रूप में विकसित होगा सोनपुर मेला: सम्राट चौधरी

-मुख्यमंत्री ने एक हजार करोड़ से बाबा हरिहरनाथ का भव्य मंदिर बनाने, सोनपुर को सड़क, रेल, हवाई व जल मार्ग से जोड़ने की भी घोषणा की

पटना/सोनपुर। ललितेश्वर प्रसाद सिंह। रविवार की शाम बाबा हरिहरनाथ की नगरी श्रद्धा और उल्लास की उमंग में डूबी थी। आस्था का आवेग ऐसा कि लोग बाबा की नगरी में अपने आप खींचे चले आ रहे थे। मौका था हरिहरनाथ क्षेत्र में विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला के उदघाटन का। इस उत्साह और आकर्षण की एक मुख्य वजह यह भी थी कि 21 वर्षों बाद मुख्यमंत्री के हाथों सोनपुर मेले का शुभारंभ होना था। इससे पहले 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोनपुर मेला का उदघाटन किया था। समारोह स्थल का माहौल ऐसा कि ज्योंहि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाबा हरिहरनाथ का दर्शन पूजन कर मेला का शुभारंभ करने मंच की ओर जाने लगे, उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। आखिरकार मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर सोनपुर मेला का शुभारंभ किया।

मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोनपुर मेला विश्वस्तरीय रूप लिए हुए है, यहां का पशु मेला ऐतिहासिक है। ऐसे में इसके सर्वांगीण विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। सोनपुर मेला को ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा।सोनपुर को सड़क और रेल ही नहीं, हवाई और जलमार्ग से भी जोड़ा जाएगा। सोनपुर से हल्दिया तक वाटर ट्रांसपोर्ट शुरू करने पर काम जारी है।सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा जिसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है।सोनपुर के विकाश के लिए 680 करोड़ की योजना तय हुई है।एक हजार करोड़ की लगत से बाबा हरिहरनाथ का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। यह भी कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मेले के लिए तैयार वेबसाइट और चैटबाट का लोकार्पण भी किया।इससे अब पर्यटकों के साथ ही श्रद्धालुओं को भी मोबाइल पर ही मेला के संबंध में पूरी जानकारी मिल जाएगी।
इससे पहले राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।इसके बाद अतिथियों का पौधा, शॉल और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।स्वागत सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने अपने संबोधन में सोनपुर को आनेवाले समय में न्यूयॉर्क बनाने की बात कही। महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी विचार रखे। समापन बिहार गीत से हुआ। मौके पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, केदार प्रसाद गुप्ता, दिलीप कुमार जायसवाल, प्रमोद कुमार, एमएलसी सच्चिदानंद राय, वीरेंद्र नारायण यादव, राहुल राज, कृष्ण कुमार मंटू, छोटी कुमारी, जिप अध्यक्ष जयमित्रा देवी भी मौजूद थे।