-कांटी में मंदिर में शादी के बाद युवक ने युवती को घर ले जाने से किया इनकार
-थाने पहुंचा मामला
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मंदिर में शादी की रस्म पूरी होने और युवती की मांग में सिंदूर भरने के बाद युवक ने उसे अपने साथ घर ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद गांव में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामला अंततः पुलिस थाने पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो कांटी एचपी पेट्रोल पंप के समीप का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, युवती कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया कुशवाहा टोला की निवासी है। बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले करीब तीन महीने से मोबाइल फोन पर बातचीत हो रही थी। युवती पक्ष का आरोप है कि युवक अक्सर उससे मिलने भी पहुंचता था।

ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात अभिषेक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दोनों को भगवान शिव के मंदिर ले जाया गया। ग्रामीणों की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भी भरा।
हालांकि, शादी की रस्म पूरी होने के बाद युवक ने युवती को अपने घर ले जाने से इनकार कर दिया। युवक का कहना था कि वह गैस पहुंचाने के सिलसिले में इलाके में आया था और ग्रामीणों ने उसे जबरन पकड़कर शादी करा दी। वहीं, युवती पक्ष का कहना है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था।
घटना की सूचना मिलने पर कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती दोनों को थाने ले गई। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में शादी की परिस्थितियां क्या थीं और दोनों पक्षों के दावों में कितनी सच्चाई है।












